
अपने बयानों से चर्चित रहने वाले शिवपुरी जिले के पिछोर विधायक प्रतीम लोधी ने एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि एक साल के बाद महाराज (सिंधिया) की फिल्म हिट होगी। उनके इस बयान के सियासी मतलब निकाले जा रहे है। गौरतलब है कि पिछोर विधानसभा के राजापुर में सडक़ों के भूमिपूजन कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हुए थे। जिसमें विधायक प्रतीम लोधी ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभी तो ये महाराज का ट्रेलर है, फिल्म अभी आने दो। जैसे महाराज फिट हैं, वैसे ही देखना, एक साल बाद महाराज की फिल्म भी हिट होगी। उनके यह बयान सोशल मीडिया में आते ही उस पर सियासत शुरू हो गई है। इस बयान के कई तरह के मतलब निकाले जा रहे हैं। इससे पहले भी विधायक लोधी के बयान सुर्खियों में रहे है। कई बार उन्हें अपने बयानों की वजह से भाजपा नेतृत्व की फटकार भी सहनी पड़ी है, तो कुछ बयानों पर उन्हें खेद भी जताना पड़ा हैं।
