मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 7 से 9 सितंबर तक प्रस्तावित दुबई दौरे से पहले मध्यप्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल की हलचल तेज हो गई है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक सरकार एक दर्जन जिलों के कलेक्टरों के साथ कुछ पुलिस अधीक्षकों को भी बदलने की तैयारी में है। ग्वालियर और सागर पुलिस जोन में पुलिस महानिरीक्षक की पोस्टिंग भी संभावित फेरबदल का हिस्सा हो सकती है। हालांकि यह भी संभव है कि कुछ बदलाव मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से लौटने के बाद अंतिम रूप लें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 7 से 9 सितंबर तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में शामिल होंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं और राज्य की निवेश योग्य परियोजनाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने की तैयारी है। मुख्यमंत्री को इस आयोजन का निमंत्रण मिल चुका है। सरकार के स्तर पर तैयार कराए गए फीडबैक में चार प्रमुख बिंदुओं को अहम माना जा रहा है। इनमें हालिया किसान आंदोलन, दतिया उपचुनाव में भाजपा का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान सामने आई शिकायतें और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास की प्रशासनिक सक्रियता शामिल है।
