मंदसौर: चार बच्चों की कातिल मां को मिली चार बार उम्रकैद

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में चार मासूम बच्चों को कुएं में धकेल कर हत्या के केस में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश गरोठ निरंजन कुमार पांचाल की अदालत ने दोषी मां सुगना बाई को चार अलग-अलग मामलों में चार बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर हर मामले में 2,000 रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। यह खौफनाक वारदात गरोठ तहसील के ग्राम पीपलखेड़ा में दो वर्ष पहले हुई थी, जहां महिला ने अपने ही बच्चों की जान ले ली थी। अभियोजन पक्ष की ओर से पेश साक्ष्यों और दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद न्यायालय ने महिला को चारों बच्चों की हत्या का दोषी माना। कोर्ट ने हर बच्चे की मृत्यु के लिए अलग-अलग आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मृत बच्चों में नौ साल का बंटी, सात साल की अनुष्का, चार साल की मुस्कान और दो साल का कार्तिक शामिल थे।

Related Articles