
- एक सशक्त कार्यकर्ता ही पार्टी संगठन को सशक्त बनाने का मूल आधार है: शिवप्रकाश
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने बुधवार को इंदौर में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के लिए पश्चिम मध्य क्षेत्र (मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा, दमन-दीव एवं मुंबई़) के वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित किया।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की विचारशीलता, क्षमता और समर्पण से ही मजबूत होता है। एक सशक्त कार्यकर्ता ही पार्टी संगठन को सशक्त बनाने का मूल आधार है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। संगठन कार्यकर्ताओं के व्यक्तिव निर्माण के लिए प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करता है। पार्टी कार्यकर्ता प्रशिक्षण से खुद को निखारने और संगठन के कार्यों के साथ सरकार के कार्यों से जनता को अवगत कराएं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को विचारधारा व संगठनात्मक कार्यों से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षण वर्ग आवश्यक होता है। कार्यकर्ता प्रशिक्षण की बातों को आत्मसात भाजपा संगठन की मजबूती के लिए कार्य करें। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि सामूहिक चर्चा से प्रशिक्षण जीवंत होता है। संवाद की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रखना चाहिए। भाजपा विचारधारा के आधार पर कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा दल है।
कार्यकर्ताओं को योग्य बनाना प्रशिक्षण का उद्देश्य:शिवप्रकाश
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि जिला प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं के नेतृत्व क्षमता को और विकसित किया जाएगा। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो पूरी तरह से अपने कार्यकर्ताओं पर आधारित है। पार्टी का संगठन हर स्तर पर कार्यकर्ताओं की विचारशीलता, क्षमता और समर्पण से मजबूती पाता है। हमारे कार्यकर्ता न केवल अपने कार्यों के प्रति जिम्मेदार होते हैं, बल्कि वे पार्टी के विचारों और नीतियों को हर स्थान पर फैलाने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। भाजपा का संगठन इस विश्वास पर आधारित है कि एक सशक्त कार्यकर्ता ही पार्टी की सशक्ति का मूल आधार है। प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से हम प्रत्येक जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं को नए सिरे से प्रशिक्षित करेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को न केवल पार्टी की विचारधारा से अवगत कराएगा, बल्कि उन्हें संगठन के कार्यों और नीतियों के प्रति भी और अधिक जागरूक बनाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्षम और योग्य बनाना हमारे प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य है। जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्गों से कार्यकर्ताओं की नेतृत्व क्षमता को भी उभारने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी के संगठनात्मक लक्ष्यों को प्रभावी तरीके से लागू कर सकें। प्रशिक्षण से कार्यकर्ता न केवल संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझेंगे, बल्कि वे जनता के बीच भाजपा के दृष्टिकोण और कार्यों को फैलाने में भी सक्षम होंगे। हमारा विश्वास है कि भाजपा का भविष्य हमारे कार्यकर्ताओं पर निर्भर है। यह प्रशिक्षण महाअभियान पार्टी को मजबूत करने के साथ-साथ उसे एक नई दिशा भी देगा।
