उज्जैन में सुरक्षा, साइबर और ट्रैफिक व्यवस्था पर डीजीपी ने की हाईलेवल समीक्षा

डीजीपी
  • सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। सिंहस्थ-2028 (महाकुंभ) की तैयारियों को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उज्जैन में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल और पुलिस प्रशिक्षण की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि सिंहस्थ केवल प्रशासनिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इसे सुरक्षित, व्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और जनसहयोग पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इस दौरान डीजीपी ने ‘पुलिस ड्यूटी पोर्टल’ का शुभारंभ किया, जिसे ईएचआरएमएस प्रणाली से जोड़ा गया है। इस पोर्टल के जरिए सिंहस्थ ड्यूटी के लिए इच्छुक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का ऑनलाइन पंजीयन, सत्यापन, प्रशिक्षण, डेटा प्रबंधन और ड्यूटी आवंटन किया जाएगा। पंजीयन पूरा होने पर संबंधित कर्मचारियों को एसएमएस के माध्यम से सूचना भी मिलेगी।  इसके अलावा पुलिस कर्मियों के लिए 7, 14 और 21 दिवसीय प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए गए हैं। डीजीपी ने 21 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत भी की। इसमें भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, साइबर अपराध, वीआईपी सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, सोशल मीडिया संचालन, खोया-पाया केंद्र और प्राथमिक उपचार जैसी ट्रेनिंग दी जाएगी। बैठक में एडीजी प्रशिक्षण राजाबाबू सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस ड्यूटी पोर्टल लॉंच
बैठक में सिंहस्थ साइबर सुरक्षा योजना का भी प्रस्तुतीकरण किया गया और साइबर सुरक्षा पोस्टर का अनावरण किया गया। इसके तहत सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, फेक न्यूज पर नियंत्रण, साइबर फ्रॉड रोकथाम, श्रद्धालुओं के डिजिटल डेटा की सुरक्षा और रियल टाइम साइबर इंटेलिजेंस सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ-2028 के दौरान करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, घाट सुरक्षा, होल्डिंग एरिया, वीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन स्थितियों और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।

Related Articles