वित्त विभाग ने पिछड़ा वर्ग कल्याण, जनजातीय कार्य समेत सभी विभागों को बैंक खातों में जमा सरकारी राशि 5 जून तक सरकारी खजाने (ट्रेजरी) में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने वाले विभागों की वित्तीय वर्ष 2026-27 की तिमाही बजट खर्च सीमा स्थगित कर दी जाएगी। विभाग ने सभी विभागों, संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों से कहा है कि राज्य की संचित निधि से निकालकर बैंक खातों में रखी गई अतिरिक्त राशि तत्काल वापस जमा कराई जाए। विभागों के पास ऐसी राशि करीब 2 हजार करोड़ रुपए बताई जा रही है। इनमें पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के 109 करोड़ रुपए और जनजातीय कार्य विभाग के 114 करोड़ रुपए भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले वित्तीय वर्ष के अंत से पहले बैंक खातों में जमा कराया गया था। संचालक (बजट) भास्कर लक्ष्यकार ने कहा है कि राशि ट्रेजरी में जमा करने का प्रमाण पत्र नहीं देने वाले विभागों और बजट नियंत्रण अधिकारियों (बीसीओ) की खर्च सीमा रोकी जाएगी।
02/06/2026
0
9
Less than a minute
You can share this post!
