
बिच्छू डॉट कॉम। वर्तमान में राजस्व घाटे से जूझ रहा राज्य वन विकास निगम न्यू मार्केट स्थित अपने पुराने कार्यालय (पंचानन भवन) के पांचवें फ्लोर को बेचने जा रहा है। इस बिक्री के लिए वन विकास निगम के एमडी मनोज अग्रवाल को अधिकृत किया गया है। गौरतलब है कि तुलसी नगर स्थित वन भवन में शिष्ट होने से पहले तक वन विकास निगम का कार्यालय न्यू मार्केट के पंचानन भवन के पांचवें फ्लोर पर था। पंचानन भवन में वन विकास निगम के पास 8 हजार वर्गफीट स्पेस है। वन विकास निगम ने बिक्री की प्रक्रिया से पहले पंचानन भवन के पांचवें फ्लोर का वैल्यूएशन कराया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसका वर्तमान मूल्य करीब 7.78 करोड़ तय किया। जबकि निजी फर्म मेसर्स रोहित शर्मा एंड एसोसिएट्स, चार्टर्ड इंजीनियर एवं रजिस्टर्ड वैल्यूअर, ने इसका वैल्यूएशन करीब 19.70 करोड़ रुपए तय किया है।
