
मुख्यमंत्री मोहन यादव के विवादित बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व पीसीसी चीफ कमलनाथ ने तीखा हमला बोला है। कमलनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री को नसीहत दी कि पद के अभिमान में भाषा की मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए। सीएम ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व के बारे में अत्यंत अशोभनीय बातें कही हैं, जो उनकी दुर्भावना को दर्शाता है। सभी आरोप पूरी तरह झूठे और राजनीति से प्रेरित हैं। सीएम मोहन यादव द्वारा मेडिकल कॉलेजों को लेकर किए गए दावों पर सवाल उठाते हुए कमलनाथ ने कहा, आप मेडिकल कॉलेज की बात करते हैं, लेकिन जरा यह तो बताइए कि उनमें से चालू कितने हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए नहीं, बल्कि व्यापम और नर्सिंग घोटाले जैसे बड़े भ्रष्टाचारों के लिए देश भर में कुख्यात हैं। छिंदवाड़ा में जो मेडिकल कॉलेज आज चल रहा है, वह मेरी (कांग्रेस) सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था।
