
बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए 11 और 12 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में यात्री परिवहन विजन समिट-2026 आयोजित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होने वाली दो दिवसीय समिट में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और प्रदेश की भविष्य की मोबिलिटी व्यवस्था पर मंथन किया जाएगा। समिट में निजी बस ऑपरेटर, नीति निर्माता, परिवहन प्राधिकरण, बस निर्माता, टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें प्रदेश में बस सेवाओं के संचालन में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने और शत-प्रतिशत पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की रूपरेखा पर चर्चा होगी। समिट में यात्री परिवहन को अधिक कनेक्टेड, डिजिटल, वित्तीय रूप से टिकाऊ और नागरिक-केंद्रित बनाने के उपायों पर भी विचार होगा। साथ ही पीएम ई-बस सेवा जैसी राष्ट्रीय पहलों के अनुरूप प्रदेश में सतत और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन मॉडल विकसित करने के लिए सरकारी विभागों और निजी क्षेत्र के बीच साझेदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।
