कार्बाइड गन-लैंप की बिक्री पर सख्ती, कहीं घटना हुई तो सीधे कलेक्टर नपेंगे

कार्बाइड गन-लैंप

बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली पर कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को मंत्रालय से कलेक्टर कमिश्नर और एसपी-आईजी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उन्होंने कहा कि किसी जिले में अप्रिय घटना हुई तो कलेक्टर और एसपी जिम्मेदार होंगे। मुख्यमंत्री ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर कार्रवाई करने को कहा। त्योहारों में नकली मावा, घी, पनीर और मिठाइयों की बिक्री रोकने के निर्देश भी दिए। मिलावटखोरी में अब तक 42 एफआईआर दर्ज हुई हैं और 17 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। जन विश्वास अभियान में मुख्यमंत्री अब शुक्रवार को पहले से तय जिले के बजाय अचानक किसी भी जिले में पहुंचेंगे। जिले का चयन उसी दिन होगा। कलेक्टर को भी ऐन वक्त पर सूचना मिलेगी। सरकारी समीक्षा में सामने आया है कि कुछ जिलों में अफसर दबाव, आश्वासन या लालच देकर पुरानी शिकायतें संतुष्टिपूर्वक बंद करा रहे हैं। मुख्यमंत्री सीधे जनता से संवाद कर शिकायतों और योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानेंगे। मुख्यमंत्री ने पटाखा दुकानों के लाइसेंस की शर्तों का पालन कराने और भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर दमकल, एम्बुलेंस और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ेगी। कार्बाइड गन से निकलने वाली ज्वलनशील गैस के विस्फोट से आंखों और चेहरे पर गंभीर चोट लग सकती है।

Related Articles