
बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा औचक निरीक्षण और निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा की जा रही है। प्रबंध संचालक म.प्र. सडक़ विकास निगम भरत यादव ने 7 जिलों के 35 निर्माण कार्यों के निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता संबंधी कमियों पर जवाबदेही तय करने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण दलों की अनुशंसाओं पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। विभाग के 7 निरीक्षण दलों ने 22 अक्टूबर को विदिशा, बालाघाट, श्योपुर, बड़वानी, मऊगंज, शाजापुर एवं दमोह जिलों में रैंडमली चयनित 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इनमें लोक निर्माण विभाग (सडक़ एवं पुल) के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के 6, मध्यप्रदेश सडक़ विकास निगम के 07 तथा मध्यप्रदेश भवन विकास निगम का एक कार्य शामिल था। निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई।
