
बिच्छू डॉट कॉम। मुरैना में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले वन रक्षक हरिकेश गुर्जर के परिवार को समय पर सरकारी सहायता नहीं मिलने का मामला सामने आया है। जहां एक ओर शासन स्तर पर आर्थिक मदद के स्पष्ट प्रावधान मौजूद हैं, वहीं दूसरी ओर वन विभाग की ओर से तत्काल राहत नहीं मिल सकी। ऐसे में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों ने स्वयं आगे आकर परिवार की मदद का बीड़ा उठाया है। दरअसल, 8 अप्रैल को मुरैना जिले में रेत माफिया के ट्रैक्टर से कुचलकर वन रक्षक हरिकेश गुर्जर की मौत हो गई थी। घटना के बाद वन कर्मचारियों ने मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपए की सहायता देने की मांग की, लेकिन विभागीय स्तर पर प्रावधान की जानकारी नहीं होने के कारण यह मदद जारी नहीं हो सकी। इधर, भारतीय वन सेवा संघ के अध्यक्ष एचएस मोहंता ने मृतक वन रक्षक के परिवार की मदद के लिए अपील जारी की है। उन्होंने हरिकेश गुर्जर की पत्नी लवली गुर्जर के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते की जानकारी साझा करते हुए अधिकारियों और आमजन से सीधे आर्थिक सहयोग करने की अपील की है।
