
जनवरी, 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस-2027) को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने मंत्रालय में समिट की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। पदभार संभालने के बाद यह पहला अवसर था, जब उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को आयोजन को पूरी तरह सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव ने समिट की अब तक की तैयारियों, निवेशकों से संपर्क, विभिन्न सेक्टरों में निवेश प्रस्तावों और विभागवार कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समिट केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मप्र में निवेश, उद्योग और रोजगार बढ़ाने का बड़ा अवसर है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करें।
