बिच्छू डॉट कॉम। दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 के दौरान अधिकारियों के स्थानांतरण-पदस्थापना के प्रस्ताव समय पर नहीं भेजना दतिया के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भारी पड़ा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पहले इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की ओर से जवाब दिए जाने के बाद आयोग ने प्रकरण की समीक्षा की और अब दूसरी कार्रवाई के रूप में कलेक्टर स्वप्निल जी. वानखड़े और एसपी मयूर खंडेलवाल को भविष्य के लिए सचेत किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि तबादलों के प्रस्ताव विलंब से भेजे जाने के मामले में दिए गए स्पष्टीकरण का आयोग ने परीक्षण किया। इसमें आयोग ने पाया कि गृह विभाग, जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक के बीच अपेक्षित समन्वय और समुचित पर्यवेक्षण नहीं रहा। इसके कारण स्थानांतरण-पदस्थापना के प्रस्तावों पर समय-सीमा में आयोग की पूर्व अनुमति लेने में अनावश्यक विलंब हुआ। आयोग ने निर्देश में स्पष्ट किया है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में कोताही बरती गई। हालांकि इस स्तर पर अधिकारियों को भविष्य के लिए सचेत करते हुए मामला समाप्त किया गया है, लेकिन आगे ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होने की हिदायत दी गई है।
20/09/2026
0
1
Less than a minute
You can share this post!
