
मप्र में आदिवासी वोट बैंक पर अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए भाजपा ने तीन दिवसीय कार्यक्रमों का रोडमैप तैयार किया है। बिरसा मुंडा जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 14 से 16 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग आदिवासी अंचलों में बड़े आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी बूथ स्तर तक अपनी रीति-नीति और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार करेगी। कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को जबलपुर से होगी। 15 नवंबर को डही से आलीराजपुर तक दूसरी पाइपलाइन का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं 16 नवंबर को निमाड़ अंचल के खंडवा में आयोजन होगा। इनमें भाजपा के सांसद, विधायक और नेता शामिल होंगे। भाजपा गौरव दिवस के आयोजनों से इस रणनीति को जमीन पर उतारने की तैयारी में है। प्रदेश की 47 एसटी आरक्षित विधानसभा सीटों में भाजपा ने 2023 के चुनाव में 24 सीटें जीती थीं। वहीं आदिवासी प्रभाव वाली 29 सामान्य सीटों में से 20 पर भी पार्टी को जीत मिली थी। इनके बावजूद भाजपा जमीनी स्तर पर अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी है। इससे पहले पचमढ़ी में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में एसटी प्रभाव वाली 56 सीटों पर विस्तार की रणनीति बनाई गई थी।
