मुखौटा पहनकर पहुंचे कांग्रेस विधायक…खाद संकट पर घेरा

सोमवार से शुरू हुए राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के मुखौटे पहनकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और किसानों के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा- प्रदेश का किसान खाद के लिए भटक रहा है, लेकिन उसे खाद की जगह सिर्फ टोकन दिए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश का किसान गंभीर संकट से गुजर रहा है। मूंग, गेहूं और सोयाबीन उत्पादक किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। सरकार में किसानों को खाद देने के बजाय टोकन और ओटीपी का खेल चल रहा है। कांग्रेस के विधायक, मुख्यमंत्री समेत सत्ता पक्ष के नेताओं के मुखौटे लगाकर पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीएम दोनों फाइल-फाइल खेल रहे हैं। किसानों को समय पर न खाद मिल रही है, न बीज मिल रहा है। सिंघार ने कहा-चुनाव के समय भाजपा किसानों से वोट मांगती है, लेकिन जब एमएसपी और किसानों के अधिकारों की बात आती है, तो सरकार और उसके मंत्री नजर नहीं आते।

Related Articles