रामेश्वर ने कहा- मुस्लिम युवक बहन-बेटियों को लेकर आएं

रामेश्वर
  • गरबे में मुस्लिम युवकों के प्रवेश पर छिड़ी बहस,
    भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। राजधानी में नवरात्रि पर्व के दौरान होने वाले गरबा आयोजनों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी ने जोर पकड़ लिया हैं। भाजपा और कांग्रेस विधायक गरबों में मुस्लिम युवकों के प्रवेश को लेकर एक दूसरे पर जमकर भड़ास निकाल रहे हैं। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुस्लिम युवक बहन-बेटियों को लेकर गरबा देखने आएं, तो कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि सुधर जाओ, वक्त सुधरने का है। गौरतलब है कि राजधानी भोपाल व मध्यप्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में मुस्लिमों को गरबे में प्रतिबंधित करने की मांग ने पिछले कुछ दिनों से जोर पकड़ा है। कुछ स्थानों पर यह कहा जा रहा है कि आयोजनों में हर किसी की एंट्री आधार कार्ड के साथ होनी चाहिए। भोपाल में पिछले साल भी हिंदू संगठनों द्वारा आधार कार्ड से प्रवेश देने की मांग की गई थी, इसके बाद राज्य के दूसरे शहरों में भी यहीं मांग दोहराई गई थी।
    हमारे छोरे भी तैयार हैं
    दरअसल सोमवार को गरबा में मुस्लिमों के प्रवेश को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने बयान देते हुए कहा कि मुस्लिम गरबे में क्यों आना है। तिलक लगाकर परमानेंट इधर आ जाओ। हम उसके लिए तैयार हैं। यहां तिलक लगाओ और जयश्रीराम बोलो। माथे पर तिलक लगाओ, इसमें कोई परेशानी नहीं है। यहां आकर गोमाता की रक्षा करो, किसी को कोई परेशानी। नहीं है, लेकिन गरबे में अकेले लडक़े ही क्यों आना चाहते हैं। घर से बहन-बेटियों को भी लेकर आओ, हमारे भी छोरे तैयार हैं। आओ सभी।
    बदतमीज हैं और कुछ नहीं: मसूद
    रामेश्वर शर्मा का बयान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को नागवार गुजरा। उन्होंने कहा कि बदतमीज हैं और कुछ नहीं है। अच्छे धार्मिक माहौल को बिगाड़ कर केवल नफरत की बात करते हैं। इसके अलावा कुछ नहीं। ऐसे बदतमीज लोगों से मैं यही कहूंगा कि सुधर जाओ, वक्त सुधरने का है। जो खुद गधा और घोड़ा होगा, उसे दूसरे गधे और घोड़े दिख रहे हैं। इसलिए ऐसी बातें कर रहे हैं।
    दोनों नेताओं में पहले भी हुआ है टकराव
    दोनों विधायकों के बीच बयानों की यह जंग कोई नई नहीं है, अलबत्ता इससे पहले भी कई बार दोनों अलग-अलग विषयों पर एक दूसरे के निशाने पर रहे हैं। हाल में ही विधायक रामेश्वर शर्मा ने करोंद चौराहे पर मिसाइल दागकर कांजी कैंप में गिराने वाला बयान दिया था, बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने पाकिस्तान के इस्लामाबाद वाले कांजी कैंप के बारे में कहा था। तब विधायक आरिफ मसूद ने इसका जवाब दिया था, जबकि एआईएमआईएम के प्रमुख असुदद्दीन ओवैसी ने रामेश्वर शर्मा को अपने भोपाल प्रवास के दौरान चुनौती देते हुए कहा था मैं खड़ा रहूंगा, तुम माई के लाल हो वहां मिसाइल गिराओ।

Related Articles