
- शादी के लिए 17 करोड़ में बुक था पैलेस
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। महाराष्ट्र के पुणे स्थित मशहूर पर्यटन स्थल लोहगढ़ किले पर पिछले सप्ताह हुई 26 साल के कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत को पहले एक हादसा माना गया था। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में डूब गया था। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि ट्रैकिंग के दौरान फोटो खिंचवाते समय उनका पैर फिसल गया और वे खाई में गिर गए। लेकिन बीते कुछ दिनों में जांच आगे बढऩे के साथ मामले ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया। जांच में सामने आया कि यह कथित तौर पर एक सुनियोजित साजिश थी, जिसे केतन की मंगेतर सिया गोयल ने रचा था। पुलिस के मुताबिक, 18 जून को केतन की मौत के दिन लोहगढ़ किले पर एक युवक 33 डिग्री तापमान में हुडी पहनकर आया था। पुलिस ने जांच में इसे ही आधार बनाकर एक-एक कडिय़ां जोड़ीं। आखिरकार सिया और उसे बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) को केतन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोप है कि शादी की तैयारियों के बीच सिया ने अपने जन्मदिन के बहाने ट्रैकिंग का कार्यक्रम बनाया और केतन को लोहगढ़ किले पर ले गई। वहीं करीब 350 फीट गहरी खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई।
सिया गोयल और केतन अग्रवाल की शादी नवंबर में होने वाली थी। इसके लिए परिवार ने उदयपुर में एक पैलेस बुक किया था। उस पैलेस का खर्च 17 करोड़ रुपए था। साथ ही मेहमानों के लिए दो चार्टेड प्लेन बुक था। दोनों परिवारों में शादी की तैयारी चल रही थी। लेकिन सिया के मंसूबों से सभी लोग अनजान थे। सोनम रघुवंशी ने राजा की हत्या शादी के बाद की लेकिन सिया ने पहले ही कर दी। मामले की जांच में कई अहम तथ्य सामने आ चुके हैं और सिया पर गंभीर आरोप लगे हैं, तब केतन के परिवार की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। परिजनों का कहना है कि उन्हें शुरुआत से ही इस घटना पर संदेह था और अब सामने आ रही जानकारियों ने उनके शक को और मजबूत कर दिया है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल का आरोप है कि हत्या की कोशिश पहली बार 14 जून को ही की गई थी। उस दिन भी सिया और केतन लोहगढ़ किले पर गए थे और वहां केवल दोनों ही मौजूद थे। आरोप है कि उसी दौरान सिया ने केतन को पीछे की ओर धक्का दिया था। धक्का लगने से केतन खाई की तरफ फिसल गया, लेकिन उसका हाथ झाडिय़ों में अटक गया और वह बच गया। परिवार का कहना है कि केतन को उस समय एहसास हो गया था कि उसे जानबूझकर धक्का दिया गया है। हालांकि, स्थिति संभालने के लिए सिया ने तुरंत सांप, सांप चिल्लाना शुरू कर दिया और केतन को पकडक़र यह जताने की कोशिश की कि उसने उसे बचाने के प्रयास में धक्का दिया था।
कैफे में मिले, धक्का देने के प्लान पर की बात
अधिकारियों ने यह भी बताया कि मर्डर से पहले, सिया और चेतन एक कैफे में मिले थे, जहां उन्होंने कथित तौर पर पीड़ित को धक्का देकर लोहागढ किले में प्लान को पूरा करने पर चर्चा की थी। केस शुरू में तब दर्ज किया गया था जब केतन अग्रवाल की पुणे के पास लोहागढ़ किले से गिरने से मौत की खबर आई थी। शुरुआत में सभी लोग इसे महज एक हादसा मान रहे थे और कह रहे थे कि फोटोज लेने के समय केतन नीचे खाई में गिर गया। लेकिन उसकी बहन को शक हुआ, जिसके बाद परिवार पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने कहा कि बाद की जांच से पता चला कि उसे कथित तौर पर किले से धक्का दिया गया था। सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों अभी सात दिन की पुलिस कस्टडी में हैं।
शादी करने को तैयार नहीं थी सिया, परिवार का था दबाव
बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में कई नए खुलासे हुए हैं। लोनावाला रूरल पुलिस ने बताया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल अपनी जिंदगी के इस पड़ाव पर शादी करने को तैयार नहीं थी और उस पर केतन से शादी करने के लिए परिवार का दबाव था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और डिजिटल और हालात के सबूतों के एनालिसिस से पता चलता है कि सिया अपने लिए और समय चाहती थी और अपने परिवार के दबाव के बावजूद प्रस्तावित शादी के लिए आगे नहीं बढऩा चाहती थी। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, आरोपी साफ तौर पर शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी और उस पर अपने परिवार का दबाव था कि वह शादी का प्रस्ताव मान ले। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है, जिसमें मकसद और कथित साजिश शामिल है।
