- हेमंत खंडेलवाल ने दिए संकेत, मई में संभावना

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश में भाजपा पंचायत और निकाय चुनावों के एक साल पहले ही अपनी जमावट में जुट गई है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संकेत दिए हैं कि एमपी में जल्द ही प्रदेश कार्यसमिति घोषित हो सकती है। भाजपा की बड़ी बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश समेत कई सीनियर पदाधिकारी मौजूद रहे। जिसमें आगामी रणनीतियों को लेकर चर्चा हुई है। इसी दौरान हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि अगर शिवप्रकाश की अनुमति होगी तो मई में कार्यसमिति का ऐलान हो सकता है। उसके बाद ही ओरछा में बैठक कर ली जाएगी।
मई में होंगे प्रशिक्षण
भाजपा ने मध्य प्रदेश के सभी जिलों में 1 मई से 31 मई तक हर जिले में प्रशिक्षण शिविर होने वाले हैं। जिसमें 11 विषयों पर चर्चा होगी। हेमंत खंडेलवाल का कहना है कि प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी की विचारधारा और नीतियों से सभी को अवगत कराया जाता है। ऐसे में यह प्रशिक्षण वर्ग जरूरी होते हैं। अजय जामवाल ने भी कहा कि देशभर में मध्य प्रदेश के संगठन का उदाहरण दिया जाता है। इसलिए इस पर काम करना जरूरी है। माना जा रहा है कि ओरछा में आयोजित होने वाली बैठक से पहले कार्यसमिति का ऐलान कर दिया जाएगा। जिसमें कुछ सीनियर नेताओं की भी संगठन में वापसी होने की संभावना है। 2023 में चुनाव हारने वाले भाजपा के कुछ सीनियर नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती है। भाजपा अध्यक्ष के संकेत दिए जाने के बाद कार्यसमिति को लेकर भी हलचल तेज होगी।
पद से हटाने की कार्रवाई
शिविर के समापन पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि, 1 मई से 31 मई तक जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शुरू हो रहे हैं। यदि जिले के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें शामिल नहीं होते हैं, तो उन्हें पद से हटाने तक की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सांसद और विधायक अगर प्रशिक्षण वर्ग में नहीं पहुंचते हैं, तो इसे भी गंभीरता से लिया जाएगा।
समर्पण को बोझ नहीं समझे- शिवप्रकाश
पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में शिवप्रकाश ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता की श्रद्धा और समर्पण का विषय है, इसे बोझ नहीं समझना चाहिए। यदि वक्ता और व्यवस्था से जुड़े लोग पूरी तैयारी और जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे, तो प्रशिक्षण वर्ग निश्चित रूप से सफल और प्रभावी होंगे।
ओरछा में होगी बैठक
दरअसल, भाजपा कार्यसमिति की नई बैठक ओरछा में आयोजित होनी है। इसका ऐलान भाजपा ने पहले ही कर दिया है। जिसके लिए तैयारियों के निर्देश भी स्थानीय नेताओं को सौंप दिए गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा जल्द ही कार्यसमिति का ऐलान करके ही बैठक आयोजित करेगी। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल का भी कहना है कि भाजपा हर जिले में प्रशिक्षण वर्ग शुरू करने वाली है। इसमें जिले के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अगर नहीं आते हैं तो उन्हें उनकी जिम्मेदारी से मुक्त करवा दिया जाएगा। अगर कोई विधायक और सांसद भी जिले की प्रशिक्षण समिति में नहीं पहुंचता है तो इसे भी गंभीरता से लिया जाएगा। क्योंकि यह बैठकें आगामी कार्यक्रम के हिसाब से अहम मानी जा रही है।
