
- दीवाली-छठ पर रेलवे का तोहफा…
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने और भीड़ के बीच सफर करने की परेशानी से राहत देने के लिए रेलवे ने तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। रानी कमलापति स्टेशन से रीवा, गोरखपुर और दानापुर के लिए इन ट्रेनों का संचालन एक-एक फेरे में किया जाएगा। इससे भोपाल के साथ विदिशा, बीना, नर्मदापुरम और इटारसी के यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। तीनों ट्रेनों में स्लीपर, सामान्य और एसी श्रेणी के कोच रहेंगे।
रीवा के लिए 5 नवंबर को रवाना होगी ट्रेन: गाड़ी संख्या 02185 रानी कमलापति-रीवा स्पेशल 5 नवंबर को रात 10:15 बजे रवाना होकर 6 नवंबर को सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02186 रीवा-रानी कमलापति स्पेशल 6 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे चलकर रात 9:15 बजे पहुंचेगी। रास्ते में विदिशा और बीना सहित सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना में ठहराव रहेगा। गोरखपुर के लिए 7 नवंबर को चलेगी ट्रेन: गाड़ी संख्या 01663 रानी कमलापति-गोरखपुर स्पेशल 7 नवंबर को शाम 6:45 बजे रवाना होकर 8 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 01664 गोरखपुर-रानी कमलापति स्पेशल 9 नवंबर को सुबह 7:50 बजे चलकर 10 नवंबर को रात 1:15 बजे भोपाल पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव विदिशा, बीना, झांसी, उरई, कानपुर, लखनऊ और गोंडा सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।
दानापुर के लिए 11 नवंबर को रवाना होगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल 11 नवंबर को दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर 12 नवंबर को सुबह 9:15 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में 01662 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 11:20 बजे चलकर 13 नवंबर को सुबह 10:50 बजे पहुंचेगी। इसका ठहराव नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर और बक्सर सहित कई स्टेशनों पर रहेगा। सभी स्पेशल ट्रेनों में लगाए जाएंगे 18-18 कोच: इन स्पेशल ट्रेनों में 2 एसएलआर/डी, 4 सामान्य श्रेणी, 10 शयनयान, एक एसी तृतीय और एक एसी द्वितीय श्रेणी का कोच रहेगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। दीपावली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में यात्री अपने घरों की ओर सफर करते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है। रेलवे की ओर से चलाई जा रही इन तीन स्पेशल ट्रेनों से मध्यप्रदेश के यात्रियों को रीवा, गोरखपुर और दानापुर जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
तीनों स्पेशल ट्रेनों में 18 कोच रहेंगे
रेलवे के अनुसार, तीनों स्पेशल ट्रेनों में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 02 एसएलआर/डी, 04 सामान्य श्रेणी, 10 शयनयान श्रेणी, 01 एसी तृतीय श्रेणी तथा 01 एसी द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल रहेगा। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
