
बिच्छू डॉट कॉम। एफएसएसएआई ने एवरेस्ट और लालजी गोधू ब्रांड के कम्पाउंडेड हींग की बिक्री पर रोक लगा दी है। उक्त आदेश केवल संबंधित हींग उत्पादों पर लागू है। कंपनियों के दूसरे मसाला उत्पाद, जैसे अंडा करी मसाला, चिकन करी मसाला और गरम मसाला, इस रोक के दायरे में नहीं हैं। हालांकि इन में भी मिलावट का संदेह जताया जा रहा है। जांच में दोनों कंपनियों के हींग के सैंपल तय खाद्य मानकों पर खरे नहीं उतरे। शिकायत के बाद शुरू हुई जांच में एवरेस्ट और लालजी गोधू के कम्पाउंडेड हींग में असली हींग की मात्रा तय सीमा से 30 से 40 प्रतिशत तक कम पाई गई। मामला एक उपभोक्ता की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायत में एक ब्रांड की हींग की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद एफएसएसएआई ने बाजार में उपलब्ध प्रमुख हींग ब्रांड्स की जांच शुरू की। शुरुआती लैब रिपोर्ट में एवरेस्ट और लालजी गोधू के कम्पाउंडेड हींग के सैंपल मानकों से कम गुणवत्ता वाले पाए गए। मुंबई स्थित दोनों कंपनियों की सेंट्रल लाइसेंस वाली यूनिट्स से सैंपल लिए गए और उन्हें जांच के लिए भेजा गया। गुजरात के उम्बरगांव में एवरेस्ट की एक अन्य यूनिट से भी गुजरात राज्य के खाद्य विभाग के साथ मिलकर सैंपल लिए गए। जांच में इन सभी सैंपल्स को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
