
बिच्छू डॉट कॉम। संसद का नया सत्र जल्द बुलाए जाने के संकेतों ने देश के राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान के बाद विपक्ष में बेचैनी साफ देखी जा रही है। रिजिजू ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं से महिला आरक्षण कानून को जल्द से जल्द लागू करने का जो वादा किया था, सरकार उसी दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। गत 13 अगस्त को समाप्त हुए संसद के मानसून सत्र का आधिकारिक सत्रावसान अभी तक नहीं किया गया है। अतीत की मिसालों का हवाला देते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि बिना सत्रावसान के भी संसद को दोबारा आहूत किया जा सकता है। यद्यपि उन्होंने 2029 से महिला आरक्षण लागू करने या सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के लिए तत्काल सत्र बुलाने पर कोई सीधा बयान नहीं दिया, पर उन्होंने साफ किया कि केंद्र अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है।
