
बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश सरकार मंत्रिमंडल के पुनर्गठन से पहले दिसंबर महीने में सेवा चिंतन शिविर आयोजित कर अपने तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड और आगामी दो साल के लक्ष्यों का रोडमैप तैयार करेगी। यह चिंतन शिविर पचमढ़ी या भोपाल में 21 व 22 दिसंबर को होगा। इसमें प्रदेश सरकार के सभी मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। भाजपा संगठन के कुछ वरिष्ठ नेताओं को विशेष रूप से शिविर में बुलाया जा सकता है। इसमें सभी मंत्रियों और विधायकों की परफॉर्मेंस और पार्टी व क्षेत्र में सक्रियता पर भी बात होगी। प्रदेश सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर भी इस सेवा-चिंतन शिविर में मंथन होगा। गौरतलब है कि मप्र की मोहन यादव सरकार 13 दिसंबर को अपने तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लेगी। इसके बाद सरकार के पास विधानसभा चुनाव-2023 का संकल्प पत्र में किए वादों को पूरा करने के लिए सिर्फ 2 साल का वक्त बचेगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि दिसंबर माह में सेवा चिंतन शिविर आयोजित होगा। तारीखें तय हो गई हैं, स्थान को लेकर निर्णय अभी नहीं हो सका है। जल्द ही यह तय हो जाएगा।
