मोहब्बत की दुकान के नाम पर हमारी दुकान न बिगाड़ें: व्यापारी

व्यापारी

बिच्छू डॉट कॉम। दिल्ली के सदर बाजार के व्यापारियों ने इंडिया ब्लॉक की 1 नवंबर को प्रस्तावित रामलीला मैदान रैली पर नाराजगी जताई है। व्यापारियों ने पोस्टर लेकर राहुल गांधी से रैली स्थगित करने की अपील की है। इससे पहले कनॉट प्लेस और पहाडग़ंज के व्यापारी संगठन और कैट भी त्योहारी सीजन तक रैली रोकने की अपील कर चुके हैं। सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट हुए। संगठन ने कहा कि मोहब्बत की दुकान के नाम पर उनकी दुकान खराब न की जाए। इसी आशय के पोस्टर लेकर व्यापारियों ने राहुल गांधी से रैली टालने की गुहार लगाई। व्यापारी नेता दीपक मित्तल, वरिंदर आर्य, राकेश राजपाल, दीपक निम्भल और राजपाल शाहिद ने भी अपनी चिंता रखी। नेताओं ने कहा कि दिवाली सहित दूसरे त्योहारों के आसपास का समय कारोबार के लिहाज से बहुत अहम होता है। इस दौरान दिल्ली के बाजारों में बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी करने पहुंचते हैं। ऐसे में बड़ी रैली की वजह से यातायात प्रभावित होने, जाम लगने और ग्राहकों को परेशानी होने का डर रहता है। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ सकता है।

Related Articles