
- सुनाई जाएंगी सरकारी योजनाओं से लाभांवित होने वाले परिवारों की कहानियां
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सारे सरकारी और प्रायवेट कालेजों में महीने भर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने महीने भर का कैलेंडर तैयार कर कालेजों व विश्वविद्यालयों में भेज दिया है। इसके तहत जहां चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण, स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे। वहीं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही इन योजनाओं से लाभांवित परिवारों की कहानियां भी छात्र-छात्राओं को दी जाएगी। आयुक्त उच्च शिक्षा ने अभियान के 17 सितंबर को शुभारंभ से लेकर 17 अक्टूबर को समेकित गतिविधियों के साथ होने वाले समापन कार्यक्रम तक का पूरा कैलेंडर बनाकर कालेजों को भेजा है। कुल 13 तरह के कार्यक्रम महीने भर में किए जाना है। इनके लिए कालेजों में अभी से प्रचार-प्रसार और छात्रों को जोडऩे के निर्देश यूनिवर्सिटीज के कुलसचिव व कालेज प्राचार्यों को दिए गए हैं।
कालेजों में महीने भर हर दिन कोई न कोई गतिविधि इस कैलेंडर के मुताबिक की जाना है। कालेजों को छात्रों की संख्या पर विशेष ध्यान रखना है और हर कार्यक्रम का रिकॉर्ड भी तैयार कर विभाग को भेजना है। इसी के तहत छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी एक दिन दी जाएगी। वहीं सरकारी योजनाओं का लाभ ले चुके विद्यार्थियों और परिवारों की कहानी भी कालेजों में सुनाई जाएंगी। इतना ही नहीं, शासन की योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन करने का तरीका आदि जानकारी दी जाएगी। श्रमदान, जल संरक्षण, साफ-सफाई, नशा मुक्ति, सडक़ सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर रैली, नुक्कड़ नाटक भी किए जाएंगे। वहीं मतदाता जागरुकता के तहत कालेजों में पंजीयन कर सामाजिक दायित्व भी छात्रों को बताए जाएंगे। कालेजों और यूनिवर्सिटी को इस अभियान के लिए नोडल अधिकारी बनाकर अपना कैलेंडर भी तैयार करना है। हर कार्यक्रम के फोटो-वीडियो, छात्र व शिक्षकों की सहभागिता, कार्यक्रम का परिणाम पर विस्तृत रिपोर्ट भी कालेजों को तैयार करना है।
