
- भोपाल के 10 बड़े होटल-रेस्टोरेंट में छापा…
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भोपाल में दो दिन चले खाद्य सुरक्षा विभाग के विशेष अभियान में 10 होटल-रेस्टोरेंट की जांच हुई। सयाजी में एक्सपायरी फिश-चिकन, रेडिसन में 50 किलो सड़े आलू, पलाश में सड़े मशरूम-सब्जियां और टर्टोकॉइज में कीटग्रस्त दाल-राजमा मिले। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं, जिनकी प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। राजधानी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार और रविवार को दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर 10 होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह खाद्य पदार्थों के भंडारण, स्वच्छता, लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां मिलीं। सड़ी और कीटग्रस्त खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि संदिग्ध खाद्य पदार्थों के वैधानिक नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान होटल सयाजी में एक्सपायरी फिश और चिकन के उपयोग और भंडारण की स्थिति मिली। होटल रेडिसन में करीब 50 किलो सड़े आलू मिले। होटल पलाश में सड़े मशरूम और सब्जियां मिलीं। वहीं टर्टोकॉइज हॉस्पिटैलिटी में मूंग दाल और राजमा में कीट पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी की है। 12 सितंबर को होटल सयाजी लिमिटेड के निरीक्षण में एक्सपायरी डेट के बाद फिश और चिकन का उपयोग तथा एक्सपायरी नॉनवेज खाद्य पदार्थों का भंडारण पाया गया। वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों की तैयारी और भंडारण में भी पर्याप्त पृथक्करण नहीं था। खुले डस्टबिन मिले। मीट और मीट उत्पादों से संबंधित लाइसेंस की जांच की गई। वहीं पानी की शुद्धता से संबंधित रिपोर्ट भी उचित रूप से उपलब्ध नहीं मिली। होटल प्रबंधन को कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। 13 सितंबर को होटल रेडिसन की जांच में करीब 50 किलो सड़े हुए आलू मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। हनी ब्रेड के चार पैकेट मिसब्रांडेड पाए गए और ब्रेड का नमूना जांच के लिए लिया गया। ब्रेड पर आवश्यक शाकाहारी चिह्न और खरीदी का बिल उपलब्ध नहीं था।
पलाश में सड़े मशरूम-सब्जियां, एक्सपायरी आटा भी मिला
होटल पलाश, न्यू मार्केट में किचन की जांच के दौरान मशरूम के आठ पैकेट सड़ी अवस्था में मिले। इन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। किचन में पांच खुले डस्टबिन में सड़े-गले खाद्य पदार्थ और अपशिष्ट रखा मिला। फ्रोजन एरिया में बैंगन, पालक और अन्य सब्जियां खराब हालत में मिलीं। फ्रीजर और फ्रिज में खाद्य पदार्थों का सही तरीके से संधारण नहीं था। इसके अलावा 500 ग्राम कलश आटे का एक पैकेट बेस्ट बिफोर अवधि खत्म होने के बाद भी उपयोग के लिए रखा मिला। चिकन मसाला भी आवश्यक लेबल विवरण के बिना पाया गया।
