
बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर-बिरसा क्षेत्र में मलेरिया और मौसमी बीमारियों से हुई 30 बच्चों की मौत पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताया है। उन्होंने इसे बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बालाघाट में 30 आदिवासी बच्चों की मृत्यु की खबर बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक है। घातक बीमारियों के साथ पीने के पानी, पोषण और समय पर इलाज जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी बच्चों की जान ले रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की पूर्ण विफलता है। मुख्यमंत्री को स्वयं इसका समाधान करना चाहिए और क्षेत्र में तत्काल जांच, इलाज और राहत उपलब्ध करानी चाहिए। बच्चों की जिंदगी से समझौता नहीं किया जा सकता। बैगा आदिवासी ग्राम अतरिया आरामटोला निवासी 10 वर्षीय गजेंद्र मरकाम की गुरुवार, 3 सितंबर को मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी में बच्चे की तबीयत खराब होने और मलेरिया से पीडि़त होने की बात सामने आई थी।
