मंत्री बागरी बोलीं- नगरीय निकायों की खरीदी में गड़बड़ी की होगी जांच

मध्यप्रदेश के नगरीय निकायों में सरकारी सामान की खरीदी में कीमतों के भारी अंतर का मामला सामने आने के बाद सरकार उच्चस्तरीय जांच कराएगी। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता या नियमों का दुरुपयोग सामने आया तो सभी जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। विभागीय प्रस्तुति के अनुसार, पिछले तीन साल में प्रदेश के 374 नगरीय निकायों ने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) पोर्टल के माध्यम से करीब 1,134 करोड़ रुपए का सामान खरीदा। दावा है कि औसत कीमतों पर खरीदी होती तो लगभग 250 करोड़ रुपए बचाए जा सकते थे। 200 एलईडी बल्ब 60 लाख रुपए में खरीदने का मामला भी सवालों के घेरे में है। नगरीय प्रशासन विभाग के एसीएस संजय दुबे के वायरल वीडियो में भी खरीदी की दरों में अंतर पर सवाल उठाए गए थे। मंत्री ने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि एक ही उत्पाद की कीमतें अलग-अलग निकायों में इतनी भिन्न क्यों थीं।

Related Articles