मप्र को सेमीकंडक्टर उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में शुक्रवार से इंदौर में दो दिनी मध्यप्रदेश सेमीकंड-क्टर समिट-2026 शुरू होगी। सीएम डॉ. मोहन यादव ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में समिट का शुभारंभ करेंगे। सेमीकंड-क्टर हब के रूप में मप्र का विजन प्रस्तुत करने के साथ निवेशकों व कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इनमें निवेश, तकनीकी सहयोग और उद्योग विस्तार पर चर्चा होगी। समिट में देश-विदेश की कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप शामिल होंगे। आयोजन में 8 पैनल चर्चाएं, पांच राउंडटेबल बैठकें और चार मुख्य व्याख्यान होंगे। चिप डिजाइन, सेमीकंडक्टर विनिर्माण, उन्नत पैकेजिंग, टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन, अनुसंधान और कौशल विकास जैसे विषयों पर मंथन होगा। समिट के दौरान 50 से अधिक कंपनियां अपनी तकनीकी क्षमताओं, उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन करेंगी। एआई इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला, फैबलेस इकोसिस्टम और क्वांटम प्रौद्योगिकी पर भी चर्चा होगी।
