बैगा, भारिया एवं सहरिया युवाओं की विशेष कंपनियां बनाई जाएंगी: सीएम

सीएम

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुलिस विभाग द्वारा अभिनंदन किया गया। पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में नवीन भर्तियों की शुरुआत करने तथा वर्षों से लंबित पदोन्नतियों का लाभ दिलाने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि सरकार ने तय किया है कि पुलिस बल और पुलिस वालों का मनोबल दोनों बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर चोट और तनाव झेलते हैं, लेकिन उनके परिश्रम को सम्मान और पुरस्कार मिलने का भरोसा भी जरूरी है। डॉ. यादव ने कार्यक्रम में घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के खंडवा में नई पुलिस बटालियन स्थापित की जायेगी। प्रदेश में तीन राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल गठित किया जाएगा। पहले चरण में एक बल गठित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातीय समूह (पीवीटीजी) में आने वाली बैगा, भारिया एवं सहरिया जनजातीय युवाओं की विशेष कंपनियां भी गठित की जायेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में रिकॉर्ड 27 हजार 534 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी पदोन्नत हुए हैं।

Related Articles