
युवा, महिला, किसान और भ्रष्टाचार के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राज्य सरकार समान नागरिक संहिता यूसीसी लेकर आई है। सरकार ने यूसीसी जैसे विषयों को राजनीतिक प्रोपेगेंडा बना दिया है। जबकि यह राज्य का विषय ही नहीं है। हास्यास्पद यह है कि अखंड भारत की बात करने वाले लोग हर राज्य में अलग कानून बना हैं। इसके जरिए लोगों को डराया और बांटा जा रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीसीसी में मीडिया से चर्चा में यह बात कही। पटवारी ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। पटवारी ने कहा कि अखंड भारत की बात करने वाली भाजपा अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग कानून बनाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि यदि सरकार कानून बनाना चाहती है तो उसे शिक्षा और रोजगार की गारंटी देने वाला कानून लाना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार का कोई भी मंत्री यह दावा नहीं कर सकता कि उसके विभाग में पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने भ्रष्टाचार को छिपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी का मुद्दा उठा रही है।
