
बिच्छू डॉट कॉम। कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन को लेकर केंद्रीय चुनाव आयोग की और कांग्रेस की ओर से बुधवार को उठाए गए कदमों पर भाजपा भी दिनभर अलर्ट मोड पर रही। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर बाद दिल्ली पहुंचे और लगातार पार्टी नेतृत्व के संपर्क में रहे। वहीं प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत भाजपा की लीगल टीम भी आगे के घटनाक्रम को लेकर अपनी होमक्कै करती रही। इससे पहले गुफा मंदिर में पूजन करने पहुंचे सीएम मोहन यादव ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने पर तीखा तंज कसते हुए इसे कांग्रेस का एक अंदरूनी षड्यंत्र करार दिया। सीएम ने दावा किया कि इस सीट पर कांग्रेस के ही कई नेताओं की नजर थी। कांग्रेस ने हार के डर से जानबूझकर अपने प्रत्याशी के फॉर्म में गलती रखी और यह पूरा षड्यंत्र खुद कांग्रेस नेताओं ने ही रचा है। कांग्रेस को अपनी हार का डर सता रहा था, क्योंकि उनके अपने चुने हुए विधायक भी उनके साथ नहीं थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 75 लोगों की क्षमता वाली फ्लाइट में सिर्फ 18 विधायक ही बेंगलुरु गए थे।
