पसंदीदा कॉलेज में प्रवेश के लिए उमड़ा छात्रों का उत्साह

कॉलेज

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश के सरकारी और निजी महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ऑनलाइन काउंसलिंग के दूसरे चरण में विद्यार्थियों का उत्साह देखने को मिला है। दूसरे चरण में करीब 1.50 लाख विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। ऑनलाइन आवेदनों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब स्नातक तथा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सीट आवंटन सूची जारी की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को 13 जून तक प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी सीट सुनिश्चित करनी होगी।
उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार स्नातक पाठ्यक्रमों की सीट आवंटन सूची 7 जून और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सूची 8 जून को जारी की जाएगी। दूसरे चरण में रिक्त सीटों को भरने के बाद अगले सप्ताह कॉलेज स्तर की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से शेष सीटों पर सीधे प्रवेश दिए जाएंगे। पहले चरण में 1.32 लाख से अधिक विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई थीं। इनमें 1,07,075 स्नातक और 25,123 स्नातकोत्तर विद्यार्थी शामिल थे। हालांकि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रवेश की प्रक्रिया पूरी नहीं की, जिसके कारण सीटों का भराव अपेक्षा से कम रहा। लगभग 30 हजार ऐसे विद्यार्थी भी थे जिन्हें दस्तावेजों की कमी या अन्य कारणों से पहली सूची में कॉलेज आवंटित नहीं हो सका था। इन्हें दूसरे चरण में फिर से अवसर दिया गया है।
आट्र्स और साइंस विषयों की ओर बढ़ा रुझान: शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. संजय आर्य के अनुसार दूसरे चरण की काउंसलिंग में भी विद्यार्थियों ने आट्र्स और साइंस संकायों में सबसे अधिक रुचि दिखाई है। नीट, जेईई और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों का झुकाव इन विषयों की ओर अधिक देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति तथा विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव भी प्रवेश प्रक्रिया में दिखाई दे रहा है।
30 हजार विद्यार्थियों को मिला दूसरा मौका
21 मई से 3 जून के बीच लगभग एक लाख विद्यार्थियों ने स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन किया, जबकि करीब 80 हजार विद्यार्थियों ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए पंजीयन कराया। विभाग का मानना है कि दूसरे चरण में बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थियों ने आवेदन किया है जिन्हें पहले चरण में कॉलेज नहीं मिल पाया था।
40त्न सीटें भरने की उम्मीद
उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि दूसरे चरण के बाद भी कुल सीटों का 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा ही भर पाएगा। प्रदेश के महाविद्यालयों में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएचएमएस, बीजेएमसी सहित अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों की लगभग आठ लाख तथा एमए, एमकॉम, एमएससी समेत अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की करीब पांच लाख सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी है। पहले चरण में केवल 10 प्रतिशत सीटें ही भर सकी थीं। इसके पीछे सीयूईटी-यूजी और कुछ अन्य परीक्षाओं के परिणाम लंबित होना प्रमुख कारण माना गया। 

Related Articles