
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के लोकार्पण पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह कॉरिडोर प्रदेश में नई उम्मीदों का सेतु बनेगा, जिससे पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल जाएगी। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे से रोजगार के अवसर खुलेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विकास और सामाजिक न्याय को एक साथ आगे बढ़ाने का भी संदेश दिया। घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में बाबा साहब समेत महापुरुषों की प्रतिमाएं अब बिना छत के नहीं रहेंगी। उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रदेश सरकार छत और चहारदीवारी के निर्माण के लिए बजट जारी करेगी। प्रधानमंत्री द्वारा एक्सप्रेस वे के लोकार्पण के बाद गणेशपुर में मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को संबोधित किया। योगी ने कहा राज्य सरकार ने तय किया है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं को छत उपलब्ध कराने का काम करेगी। यह सम्मान आने वाली पीढिय़ों को एकसूत्र में जोडक़र प्रधानमंत्री के एक भारत श्रेष्ठ भारत के विजन को आगे बढ़ाता है।
