
बिच्छू डॉट कॉम। मप्र ग्रामीण सडक़ विकास प्राधिकरण में मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) के पदों पर संविदा नियुक्ति पर सवाल उठ रहे हैं। प्राधिकरण द्वारा जारी अंतिम चयन सूची में पहले स्थान पर एक ऐसे उम्मीदवार का चयेत कर लिया गया है, जिसका नाम साक्षात्कार के लिए जारी की गई आधिकारिक सूची में शामिल ही नहीं था। जबकि, विभाग का ही नियम है कि प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद केवल चयनित सूची के अभ्यर्थियों को ही बुलाया जाएगा। यह इंटरव्यू 3 जून को हुए, जिसमें 12 अभ्यर्थियों को पात्र माना गया। मप्र ग्रामीण सडक़ अकादमी (वाल्मी परिसर) में इन्हें साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया था। साक्षात्कार के बाद जो तीन लोग चयनित हुए। उनमें पहले नंबर पर सुधीर दामोदर पेंडसे का चयन हुआ। इन्हें संविदा श्रेणी में नियुक्ति दी गई। इनका मूल विभाग एमपीपीजीसीएल है और यह एक्जीक्यूटिव इंजीनियर हैं।
