
बिच्छू डॉट कॉम। भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साई रेड्डी ने पेट्रोल में एथेनाल मिलाने का समर्थन करते हुए कहा इससे किसानों के अच्छे दिन आएंगे। इससे वाहन खराब होने की बात गलत है, वाहन तो पेट्रोल के भी खराब होते है। हां, 2-3 किमी माइलेज कमी की बात मान सकता हूं। उन्होंने कहा कि एथेनाल का विरोध मतलब देश व किसानों का विरोध है। उन्होंने सहकारिता मॉडल पर कैलारस शुगर मिल शुरू करने पर सरकार की सहमति का ब्यौरा भी दिया। भोपाल प्रवास पर आए रेड्डी ने पत्रकारों के सामने एथेनाल के पक्ष में तर्क दिए। उन्होंने शुगर मिल और गन्ना उत्पादक किसानों के मुद्दे रखे। किसान संघ के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मूंग खरीदी और गन्ना किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। पत्रकारवार्ता में मौजूद प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान ने कहा कि मूंग फसल को लेकर किसान परेशान हैं। प्रदेश में मूंग की पैदावार प्रति एकड़ 4 क्विटल है जबकि सरकार 1.2 क्विटल ही खरीद रही है। इससे किसानों को प्रति एकड करीब 10 हजार रु. का नुकसान है। बोवनी के पहले सरकार को किसानों के सामने यह क्लियर कर देना था। इससे समस्या नहीं आती। उन्होंने कहा कि 3 साल पहले तक प्रदेश में यह समस्या नहीं थी।
