
बिच्छू डॉट कॉम। मप्र में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए राहत की बड़ी खबर है। राज्य सरकार अब इन्हें पूरी तरह केशलैस आयुष चिकित्सा आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी) का लाभ देने जा रही है। इसके लिए श्रम विभाग के अंतर्गत ईएसआईसी और आयुष विभाग के बीच एक एमओयू किया गया है। इस व्यवस्था से मप्र के करीब 14.5 लाख पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रितों सहित 50 लाख से अधिक लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। मरीज मप्र के 2000 आयुष अस्पतालों और 1773 डिस्पेंसरी के माध्यम से मुफ्त इलाज करा सकेंगे। कोई भी मरीज सीधे आयुष अस्पताल जाकर मुफ्त इलाज नहीं करा सकेगा। इसके लिए सबसे पहले ईएसआई अस्पताल या डिस्पेंसरी के एलोपैथिक डॉक्टर से चेकअप कराना होगा। डॉक्टर की आवश्यकता अनुसार रेफर करने पर ही कैशलेस सुविधा मिलेगी। पंजीकृत श्रमिक और उनके आश्रित (जीवनसाथी, माता-पिता व बच्चे) शामिल होंगे, जिनकी पात्रता जांच ई-पहचान पत्र या बीमा संख्या से होगी। पहले चरण में यह सुविधा प्रदेश के 9 शासकीय आयुष चिकित्सा महाविद्यालयों में शुरू हो रही है। बाद में इसका विस्तार जिला अस्पतालों व औषधालयों में किया जाएगा। इसके तहत पात्र मरीजों को निशुल्क ओपीडी परामर्श के साथ-साथ आवश्यक आयुष दवाइयां भी मुफ्त मिलेंगी।
