
सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिखाए गए रास्ते पर अमल करने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन हाईकोर्ट पहुंच गई। उन्होंने अपना नामांकन निरस्त किए जाने के फैसले पर चुनाव याचिका दायर की है। मीनाक्षी का दावा है कि रिटर्निंग ऑफिसर ने गलत आधार पर नामांकन खारिज किया। इससे पहले वह चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचीं थी। अब न्याय की उम्मीद लेकर उन्होंने 45 दिन की अवधि में ही हाईकोर्ट में याचिका लगा दी है। पूर्व सांसद नटराजन का कहना है कि राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 18 तारीख को होना था। उन्होंने 8 तारीख को अपना नामांकन दाखिल किया था। स्क्रूटनी के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने यह कहते हुए उनका उनका नामांकन खारिज कर दिया कि उन्होंने एक अदालती मामले की जानकारी छिपाई। जबकि उक्त अदालत ने 12 तारीख के आदेश में यह स्पष्ट किया कि उस मामले में संज्ञान लेने का अधिकार अदालत को था ही नहीं। मीनाक्षी का कहना है कि जब अदालत ने ही संज्ञान नहीं लिया था तो मेरे द्वारा जानकारी छिपाने का सवाल नहीं उठता। पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही।
