
बिच्छू डॉट कॉम। भोपाल के करोंद इलाके में रविवार रात आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान हुजूर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का एक बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। मंच से दिए गए उनके इस भाषण के बाद राज्य में सियासत तेज हो गई है। विधायक ने अपने बयान में हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और पाकिस्तान का जिक्र किया, जिसके बाद पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ‘करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे।’ उनके इस बयान के तुरंत बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। हालांकि, विवाद बढ़ता देख विधायक शर्मा ने तुरंत सफाई देते हुए स्पष्ट किया कि उनका आशय भोपाल के स्थानीय काजी कैंप से नहीं, बल्कि ‘इस्लामाबाद वाले काजी कैंप’ से था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हिंदू एकता केवल उत्सवों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर मोर्चे पर एकजुट होना चाहिए। उन्होंने पड़ोसी देश का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने जनता से सवाल किया कि क्या वे इस्लामाबाद में मटकी फोडऩा चाहते हैं? इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि वहां मटकी फोडऩे के लिए पहले वहां की व्यवस्था रूपी मटकी को तोडऩा होगा।
