
बिच्छू डॉट कॉम। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने विभागीय जांच में लापरवाही और कर्तव्य निर्वहन में उदासीनता के मामले में प्रभारी संयुक्त संचालक अमरसत्य गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गुप्ता नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के ग्वालियर-चंबल संभाग के प्रभारी संयुक्त संचालक थे। गुप्ता को नगर पालिका परिषद भिंड में निर्माण कार्यों में अनियमित भुगतान से निकाय को हुई आर्थिक क्षति की शिकायत की जांच सौंपी गई थी। उन्हें तीन माह में जांच पूरी कर रिपोर्ट संचालनालय को देनी थी, लेकिन निर्धारित अवधि के पांच माह से अधिक समय बीतने और कई बार स्मरण पत्र भेजे जाने के बावजूद रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई। विभाग ने 31 अगस्त को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा था, लेकिन इसका भी जवाब नहीं दिया गया।
