मप्र सरकार ने मंगलवार को बाजार से 3,600 करोड़ रुपए का नया कर्ज उठाया है। यह राशि दो अलग-अलग किश्तों में 18 वर्ष और 30 वर्ष की अवधि के लिए जुटाई गई है। इस नए कर्ज के बाद चालू वित्त वर्ष में राज्य सरकार द्वारा लिया गया कुल कर्ज 17,400 करोड़ हो गया है। मप्र सरकार पर कुल कर्ज बढक़र 5 लाख 5 हजार करोड़ के ऊपर पहुंच गया है। वित्त विभाग की अधिसूचना के अनुसार यह राशि बॉन्ड जारी कर और सरकारी प्रतिभतियों की नीलामी से जुटाई जाएगी। पहली किश्त 1,600 करोड़ की है, जिसे 18 वर्ष की अवधि के लिए लिया गया है। इस पर ब्याज का भुगतान तय अवधि तक प्रत्येक वर्ष किया जाएगा। दूसरी किश्त 2,000 करोड़ की है, जिसकी परिपक्वता अवधि वर्ष 2056 तक रहेगी। दोनों ऋणों पर राज्य सरकार 7.90 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर का भुगतान करेगी। वित्त विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ऋण राशि का उपयोग राज्य में उत्पादक विकास कार्यक्रमों और विभिन्न सार्वजनिक विकास परियोजनाओं के वित्तपोषण में किया जाएगा।
