
बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर वर्ष 2012-13 से 2026-27 तक प्रदेश में शराब ठेकों की प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पटवारी ने आरोप लगाया है कि कुछ चुनिंदा कारोबारी समूह लंबे समय से शराब कारोबार में प्रभावी बने हुए हैं और कई जिलों में बार-बार उन्हीं समूहों को ठेके मिलते रहे हैं। उन्होंने 33 जिलों में हुए बड़े टेंडरों की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने दावा किया है कि करीब चार कारोबारी समूहों के पास प्रदेश के शराब कारोबार का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा है। कांग्रेस अध्यक्ष की मांग है कि पिछले करीब 15 वर्षों में जिलेवार शराब दुकानों के सफल बोलीदाताओं, उन्हें मिले ठेकों, टेंडर में शामिल बोलीदाताओं और निर्धारित मूल्य के मुकाबले अंतिम बोली का विवरण सामने लाया जाए।
