
बिच्छू डॉट कॉम। मंडला के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री देवीसिंह सैयाम का अपनी ही सरकार पर दिया गया बयान इन दिनों सोशल पर मीडिया वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री विवाह कन्या योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में जनपद सदस्यों की अनुपस्थिति को लेकर सैयाम ने मंच से ही नाराजगी जाहिर करते हुए प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। पूर्व मंत्री सैयाम ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से कहा कि यह जनपद स्तर का आयोजन है, लेकिन इसमें एक भी जनपद सदस्य मौजूद नहीं है, जो गंभीर विषय है। उन्होंने अधिकारियों से इस स्थिति की जांच करने और जनप्रतिनिधियों की भावनाओं का सम्मान करने की बात कही। सैयाम ने स्पष्ट तौर पर कहा कि सरकारी योजनाएं किसी की बपौती नहीं, बल्कि सभी की होती हैं। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि नेताओं के चक्कर में पडक़र इस तरह का काम न करें और इसमें सुधार किया जाना चाहिए।
