
बिच्छू डॉट कॉम। पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस व उसके नेताओं की महिला विरोधी नीतियों के कारण मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त हुआ। कांग्रेस में नारी सम्मान केवल नारा है, आचरण हमेशा महिला विरोधी रहा। पार्टी ऑफिस में प्रेस से चर्चा करते हुए गौर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के षड्यंत्र के कारण मीनाक्षी का नामांकन-पत्र निरस्त हुआ है। कांग्रेस नेता नहीं चाहते थे कि एक महिला राज्यसभा पहुंचे, इसलिए षड्यंत्र कर जानकारी छिपाई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री और अधिवक्ता प्रदीप शर्मा राज्यसभा से कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को लेकर कहा है कि पूरे घटनाक्रम के बाद भी अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर गलती किस स्तर पर हुई और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
