प्रदेश में 25 फीसदी तक बढ़ सकता है बस किराया

मध्य प्रदेश में सफर करने वाले आम नागरिकों की जेब पर थोड़ा और बोझ बढ़ने वाला है। राज्य में विभिन्न मार्गों पर चलने वाली यात्री बसों के किराए में इसी महीने बढ़ोतरी की तैयारी कर ली है। फिलहाल लागू दरों के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में संचालित बसों का किराया लगभग सवा रुपये प्रति किलोमीटर की दर से तय है, जिसे बढ़ाने की पूरी तैयारी है। परिवहन विभाग इसी माह नए किराए की अधिसूचना जारी करने जा रहा है। किराए में इस बढ़ोतरी और अन्य प्रमुख मांगों को लेकर सोमवार को मंत्रालय में अहम बैठक हुई। परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के साथ मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन के महामंत्री जयकुमार जैन और उपाध्यक्ष वीरेंद्र साहू इस बैठक में शामिल हुए। इसके बाद एसोसिएशन ने आगामी सात अगस्त से होने वाली अपनी हड़ताल टाल दी। बस ऑपरेटर यूनियन ने डीजल, टैक्स और टोल की दरों को देखते हुए किराया बढ़ाकर ढाई रुपये प्रति किमी करने की मांग रखी थी, जिस पर मंत्रियों और अधिकारियों ने कहा कि नियमों के अनुसार ही किराए में वृद्धि होगी और इस संबंध में निर्णय पहले ही लिया जा चुका है।

Related Articles