आष्टा के भाजपा विधायक का दावा, 10 जिला पंचायत सदस्यों को खरीदा


आष्टा से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो से सियासी विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल बयान में विधायक अपने जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के पुराने घटनाक्रम का जिक्र करते हुए 18 में से 10 सदस्यों को खरीदने की बात कहते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो आष्टा में एक हफ्ते पहले सार्वजनिक कार्यक्रम का है। वहीं इस वीडियो के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने आरोप लगाया कि भाजपा धनबल और सत्ता के प्रभाव से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित कर रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र का चीरहरण बताया। वहीं विधायक गोपाल इंजीनियर ने वायरल वीडियो को सिरे से गलत संदर्भ में पेश किए जाने का दावा किया है। विधायक के अनुसार, वायरल वीडियो वाली बातचीत पुरानी और परिचितों के बीच जिला पंचायत चुनाव के संस्मरणों पर हंसी-मजाक के दौरान हुई थी। दिलों को जीतने की बात को तोड़-मरोडक़र खरीद-फरोख्त का रूप दिया जा रहा है।

Related Articles