मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकलकर मुरैना पहुंचे मादा चीता निर्वा के 19 महीने के शावक की गोली लगने से मौत हो गई है। पुनर्वास के बाद देश में यह पहली बार है जब किसी चीते की गोली मारकर हत्या की गई है। घटना 25 अक्टूबर की है, जब शावक ने मुरैना सीमा के पास एक घर के बाड़े में बछड़ों का शिकार किया था। शुरुआती तौर पर ग्रामीणों द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने की बात सामने आई थी। वन विभाग ने गंभीर हालत में शावक का रेस्क्यू कर उसे इलाज के लिए जबलपुर वेटरनरी कॉलेज भेजा। 26 अक्टूबर की रात उसे गंभीर हालत में लाया गया, जहां पिछले पैरों में लकवा और पेशाब रुकने की समस्या पाई गई। सीटी स्कैन में रीढ़ की हड्डी के पास धातु के कण मिले। डॉ. शोभा जवरे और डॉ. रणधीर सिंह की निगरानी में हुए ऑपरेशन के दौरान उसके शरीर से बंदूक के 5 छर्रे निकाले गए। अत्यधिक गंभीर चोटों और रीढ़ की हड्डी पर असर के कारण मंगलवार की सुबह 5:10 बजे उसकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज मामले की रिपोर्ट प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) भोपाल को भेज दी गई है।
