
बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अगले महीने भोपाल से सीधे शारजाह के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे बनाए जा रहे हैं और नए एयरपोर्ट भी विकसित हो रहे हैं। प्रदेश को अब तक 15 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव धरातल पर हैं। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ संयुक्त पत्रकारवार्ता में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मप्र में आठ एयरपोर्ट से अब संख्या बढक़र कई शहरों तक पहुंच गई है। खजुराहो के बाद सतना, रीवा और दतिया में एयरपोर्ट बन चुके हैं, जबकि शिवपुरी और उज्जैन के एयरपोर्ट मंजूर हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले एक माह के सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 71 हजार बूथों पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। योजनाओं के लाभार्थियों के घर और सार्वजनिक स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे।
