
बिच्छू डॉट कॉम। जिले में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सार्वजनिक हो गई। मधुसूदनगढ़ मंडी परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में चाचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा ने बिना नाम लिए पार्टी के जिला महामंत्री रुद्रदेव सिंह पर निशाना साधते हुए बस स्टैंड की जमीन को लेकर झूठा प्रचार करने वालों को असामाजिक तत्व बताया। इसके बाद रुद्रदेव सिंह ने वीडियो जारी कर विधायक के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि वे वर्ष 2021 से मधुसूदनगढ़ बस स्टैंड का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने चुनौती दी कि प्रस्तावित बस स्टैंड के आसपास यदि उनकी या किसी रिश्तेदार की जमीन निकलती है तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। इधर, बाद में विधायक ने सफाई दी कि उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया था।
