
राहुल गांधी के 19 सितंबर के छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले सुरक्षा शर्तों में राजीव गांधी की हत्याकांड जांच से जुड़ी वर्मा आयोग की रिपोर्ट के उल्लेख पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि पहले राहुल गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ली गई और अब कार्यक्रम की अनुमति में उनके पिता की हत्या का हवाला दिया जा रहा है। पटवारी ने तीखे लहजे में कहा है कि रूट, शुल्क और सुरक्षा शर्तों को लेकर लगातार नए मुद्दे उठाए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यक्रम करेगी। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सागर और देवास की घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में अड़ंगे डाले जा रहे हैं। दूसरी ओर, पुलिस ने कहा है कि वर्मा आयोग का उल्लेख सुरक्षा संबंधी आयोजकों की जिम्मेदारियां बताने के संदर्भ में किया गया है।
